पानीपत -:पानीपत के मतलौडा थाना क्षेत्र के नारा गांव में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी राजेश और उनकी पत्नी सुमन ने शनिवार दोपहर कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उनका उपचार चल रहा है।घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार,राजेश के बेटे आशीष ने जनवरी 2025 में दिल्ली निवासी स्नेहा से प्रेम विवाह किया था।बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद उन्होंने परिवार की सहमति से शादी कर ली। शादी के शुरुआती दिनों से ही बहू और सास-ससुर के बीच तालमेल ठीक नहीं बैठ पाया।राजेश के भाई नरेश ने आरोप लगाया कि बहू और उसके मायके पक्ष के लोग अक्सर परिवार पर मानसिक दबाव बनाते थे। उन्होंने कहा कि पहनावे, सोशल मीडिया पर अधिक सक्रियता और घरेलू मामलों को लेकर घर में आए दिन कहासुनी होती रहती थी। विवाद बढ़ने पर कई बार गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन मामला पूरी तरह शांत नहीं हो पाया।परिवार का कहना है कि लंबे समय से चल रहे तनाव के कारण राजेश और सुमन मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। शनिवार को दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगल लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







