पलवल-:पलवल जिले के गांव किठवाड़ी में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 23 वर्षीय महिला और उसकी 4 वर्षीय बेटी की कथित रूप से हत्या कर दी गई,जबकि महिला का 3 माह का नवजात बेटा लापता है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार,मथुरा जिले के कामरगढ़ी गांव निवासी नरवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन मिथलेश की शादी वर्ष 2020 में किठवाड़ी निवासी धर्मवीर के साथ हुई थी।आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में जमीन, गाड़ी और नकदी की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।परिजनों के अनुसार,मिथलेश के एक 4 वर्षीय बेटी और 3 माह का बेटा था।हाल ही में प्रसव के दौरान अस्पताल में भी कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई थी,जिसकी शिकायत पहले दर्ज कराई जा चुकी थी।25 अप्रैल को परिजनों को सूचना मिली कि मिथलेश और उसकी बेटी की मौत हो गई है।जब वे मौके पर पहुंचे तो दोनों मृत अवस्था में मिले। शरीर पर चोटों के निशान थे और ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार थे। नवजात बेटा भी गायब पाया गया।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी हरिकृष्ण ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति धर्मवीर समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और लापता शिशु की भी खोज की जा रही है।







