अंकुर कपूर , अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रविवार को अंबाला में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना। इस दौरान उन्होंने कारगिल विजय दिवस, हर्बल टी और देश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री के संबोधन का उल्लेख किया।
अनिल विज ने कारगिल विजय दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने सैनिकों के शव तक छोड़कर भाग गया था और उन्हें अपना मानने से भी इनकार कर दिया था। भारतीय सैनिकों ने उन शवों का अंतिम संस्कार किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में हर्बल टी का जिक्र किए जाने पर अनिल विज ने कहा कि देश में चाय की जगह हर्बल टी का सेवन किया जाए तो इसके अनेक फायदे हो सकते हैं।
पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष द्वारा इस्तीफे की मांग पर अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों से इस्तीफा मांगते हैं, उन्हें अपना इस्तीफा भी जेब में रखना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पार्टी दूसरों के मंत्रियों से इस्तीफा मांग रही थी, तो उसे अपने मंत्री का इस्तीफा भी लेना चाहिए था।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनता और बच्चों की भावनाओं को समझते हैं और उनकी बात को स्वीकार करते हैं। विज ने कहा कि इससे प्रधानमंत्री का लोकतंत्र में विश्वास भी साबित होता है।
भूपेंद्र हुड्डा के बयान पर भी अनिल विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब भूपेंद्र हुड्डा मुख्यमंत्री थे, उस समय भी कई पेपर लीक हुए थे। अगर उन्होंने उस समय कार्रवाई की होती तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।







