Home Accident रेवाड़ी हाईवे पर भीषण हादसा: तीन वाहन टकराए, कैंटर चालक गंभीर घायल

रेवाड़ी हाईवे पर भीषण हादसा: तीन वाहन टकराए, कैंटर चालक गंभीर घायल

13
0

रेवाड़ी  | दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह आसलवास गांव के पास बीटी कंपनी के नजदीक तीन वाहनों की भीषण टक्कर में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक कैंटर, ट्रॉला और पीछे से आ रही कार आपस में टकरा गई, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार, कैंटर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कैंटर डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रॉले से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद पीछे से आ रही कार भी समय रहते ब्रेक नहीं लगा सकी और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल कैंटर चालक को तुरंत वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

सूचना मिलने पर कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार, चालक को झपकी आना या सड़क का मोड़ बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच अधिकारी मनीष ने बताया कि ट्रॉला चालक की पहचान की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here