Home Ambala निशुल्क यात्रा…अयोध्या जाने वाली बस को सीएम ने अम्बाला शहर...

निशुल्क यात्रा…अयोध्या जाने वाली बस को सीएम ने अम्बाला शहर से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

132
0
अम्बाला : चन्द्रिका ( TSN)- मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आज अम्बाला से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत अयोध्या जाने वाली बस को पुलिस डीएवी स्कूल अम्बाला शहर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के लाभार्थी अयोध्या जाएंगे और वहां श्रीराम मंदिर के दर्शन करेंगे।
बता दें कि हरियाणा सरकार ने श्रद्धालुओं को निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की शुरूआत की थी। इस योजना के अंतर्गत धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और परिवार की आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसी योजना के अंतर्गत आज सीएम नायब सैनी ने अंबाला पहुंचकर अयोध्या जाने वाली श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सीएम नायब सैनी ने कहा कि आज अयोध्या राम मंदिर दर्शन के लिए अंबाला से जत्था रवाना हो रहा है,जो कि हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर हमें मिला है यह सौभाग्य की बात है।
सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी शुरुआत 
अंबाला पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अयोध्या बस रवाना करने के बाद सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों के लिए योजना मील का पत्थर साबित होगी। लाखों लोग इस योजना का हरियाणा में लाभ लेंगे। सीएम ने कहा कि इस योजना के तहत जो व्यक्ति पहले रजिस्ट्रेशन करेंगे उन्हें पहले आओ पहले पाओ के तहत 60 प्रतिशत सब्सिडी केंद्र और 50 प्रतिशत सब्सिडी हरियाणा सरकार देगी। सीएम ने कहा कि इस योजना से गरीबों को जहां फ्री बिजली मिलेगी वहीं बिजली की बचत भी होगी।
 इस दौरान हरियाणा के परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल भी मौजूद रहे। अंबाला से अयोध्या जा रही बस को लेकर उन्होंने कहा कि 1 लाख 80 हजार से कम इनकम वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार ने यह योजना चलाई है। जिसके अंतर्गत हर जिले से ये बसें रवाना की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह बस रजिस्ट्रेशन के आधार पर चलाई जाएगी। जिसमें सफर करने वाले नागरिकों का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान असीम गोयल ने अंबाला के सांसद वरुण मुलाना द्वारा रोड़वेज की बसों को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी और उन्हें अपनी जानकारी दुरुस्त करने की सलाह दी। सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत निशुल्क अयोध्या जा रहे श्रद्धालुओं में भी सरकार की इस योजना को लेकर खुशी नजर आई। अयोध्या जा रहे बुजुर्गों ने इस योजना के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here