Home Crime मांडोठी में अवैध संबंधों की रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस...

मांडोठी में अवैध संबंधों की रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने दर्ज किया केस

15
0

बहादुरगढ़ | आसौदा थाना क्षेत्र के गांव मांडोठी में अवैध संबंधों से जुड़ी रंजिश के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कृष्ण के रूप में हुई है, जिसे आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके भाई कृष्ण के गांव की ही एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध थे, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कृष्ण को घेर लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले के बाद आरोपियों ने घायल अवस्था में कृष्ण को गांव के ही महावीर के घर के पास छोड़ दिया, जहां से परिजन उसे तुरंत सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here