Home Crime करनाल में युवक पर फायरिंग, लाइटर मांगने के बहाने 5 राउंड गोली...

करनाल में युवक पर फायरिंग, लाइटर मांगने के बहाने 5 राउंड गोली चलाई

7
0

करनाल (हरियाणा)। करनाल शहर के कर्ण विहार इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लाइटर मांगने के बहाने रोके गए युवक पर आरोपियों ने करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें उसकी टांग में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम सबूत एकत्रित किए। जानकारी के अनुसार, करनाल निवासी उज्ज्वल उर्फ मोनू शीशे का काम करता है। वह रात करीब 9 बजे सेक्टर-16 क्षेत्र से अपनी स्कूटी पर घर लौट रहा था। इसी दौरान दो बाइक सवार युवकों ने पहले उसका रास्ता रोकने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों आरोपी लगातार उसका पीछा कर रहे थे।

जैसे ही उज्ज्वल कर्ण विहार इलाके में पहुंचा, बदमाशों ने उसे दोबारा रोका और लाइटर मांगने लगे। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। आरोपियों ने उसकी टांग पर कई गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। करीब रात 1 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद सेक्टर-32-33 थाना पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को कई खाली कारतूस मिले, जबकि घटनास्थल पर खून के निशान और बिखरी हुई चप्पलें भी बरामद हुईं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमले से पहले युवक के साथ हल्की कहासुनी और हाथापाई भी हुई थी, हालांकि वारदात के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

सेक्टर-32-33 थाना के सब इंस्पेक्टर निरंजन ने बताया कि घायल युवक पर करीब 5 राउंड फायर किए गए हैं और आरोपी घटना के बाद फरार हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस टीम आरोपियों की पहचान में जुटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here