पलवल, 27 जनवरी -केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को पलवल जिले के उपमंडल हथीन में पहुंचकर पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता द्वारा अपने पूर्वजों की याद में करोड़ों रुपए की लागत से बनवाए गए गोकुल भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान मनोहर लाल ने कहा कि ब्रिज भूमि पर गोकुल भवन बनाना अच्छा काम है यह हमारे समाज की परंपरा है.हमें अपनी आय का दस परसेंट निकालकर समाज में लगाना चाहिए। इतना ही नहीं अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने पूर्व की सरकारों पर भी तंज कसा। इस मौके पर मनोहर लाल के अलावा खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम, विधायक मूलचंद शर्मा, पूर्व विधायक नयनपाल रावत सहित अन्य पूर्व विधायक व पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपने लोगों में राष्ट्रवादी विचार पैदा नहीं कर पाए
मनोहर लाल खट्टर ने यहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम लोग आजाद तो हुए लेकिन अपने लोगों में राष्ट्रवादी विचार पैदा नहीं कर पाए. मोदी जी का विजन स्पष्ट है कि उनके लिए राष्ट्र प्रथम है जबकि पूर्व की सरकारों के लिए खुद व खुद का परिवार ही प्रथम था। उन्होंने कहा हमने बहुत कुछ बदलाव अपनी सरकार में किए हैं। जो वायदे हमने जनता से किए थे उन्हें पूरा करने का काम हमारी सरकार ने किया है, हमने भ्रष्टाचार को खत्म किया और पारदर्शिता लेकर आए। ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी बनाई। प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की दो करोड़ 80 लाख जनता सरकार का परिवार है .यह बिना भेदभाव की सरकार है चाहे किसी ने वोट दिया या नहीं दिया।







