कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एक निजी होटल में चल रहे सट्टा और जुआ रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और मौके से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल एसआर ग्रैंड में कुछ लोग संगठित तरीके से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर जब पुलिस ने होटल में दबिश दी तो वहां 12 व्यक्ति एक समूह बनाकर सट्टा खेलते पाए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और नकदी भी बरामद की। सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएचओ बलजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में होटल संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी होटल या अन्य स्थान पर इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







