हिसार | हरियाणा में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान बादल छाने, धूल भरी आंधी चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
जानकारी के अनुसार नारनौल, हिसार, रोहतक, भिवानी, फरीदाबाद, सिरसा, नूंह (मेवात), जींद और गुरुग्राम सहित कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि नारनौल में पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया।
गुरुवार को राज्य के 10 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो गई हैं। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले एक से दो दिनों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और आंधी के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न होने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।







