Home Crime नूंह में विवाहिता से अमानवीय व्यवहार, नशीला जूस पिलाकर मारपीट और बाल...

नूंह में विवाहिता से अमानवीय व्यवहार, नशीला जूस पिलाकर मारपीट और बाल काटने का आरोप

11
0

नूंह । हरियाणा के नूंह जिले में पारिवारिक विवाद के बीच एक विवाहिता के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसके सिर के बाल काट दिए गए।

जानकारी के अनुसार घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग महिला को उसके मायके गांव बिछोर छोड़कर मौके से चले गए। परिजनों ने घायल अवस्था में महिला को उपचार के लिए पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पीड़िता उस्मानी के मुताबिक रात के समय उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसके सिर के बाल काट दिए गए।

पीड़िता के भाई जैकम ने बताया कि करीब 20 साल पहले उसकी बहन की शादी हथीन थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी सद्दाम के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन के साथ मारपीट करते रहे हैं, जिससे दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले शुक्रवार को हथीन थाने में बिरादरी की पंचायत हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। पंचायत के बाद महिला को ससुराल भेज दिया गया, लेकिन उसी रात उसके साथ फिर से मारपीट होने और बाल काटने की घटना सामने आई।

वहीं बिछोर थाना प्रभारी जगबीर सिंह का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here