बहादुरगढ़ | बहादुरगढ़ के नजदीकी गांव छारा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड फौजी भीम सिंह (60) और उनके दो नातियों टिंकू (13) व हनी (8) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों बाइक पर सवार होकर नेशनल हाईवे-334बी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे टोल प्लाजा के पास सर्विस लेन पर पहुंचे, ईंटों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली की चपेट में आने से तीनों सड़क पर गिर पड़े और वाहन उनके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयानक था कि तीनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मांडौठी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल भेजा गया है, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
रिटायर्ड फौजी थे भीम सिंह, बेटा सेना में तैनात
परिजनों के अनुसार, मृतक भीम सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। उनकी बेटी रीना अपने दोनों बच्चों के साथ कुछ समय से मायके में रह रही थी। बच्चे स्थानीय स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है। भीम सिंह का बेटा फिलहाल सेना में सेवा दे रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
आसौदा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।







