Home Haryana हरियाणा में बढ़ी गर्मी :  कई शहरों में तापमान 35°C पार, हिसार...

हरियाणा में बढ़ी गर्मी :  कई शहरों में तापमान 35°C पार, हिसार सबसे गर्म

15
0

हिसार | हरियाणा में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान हिसार में 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 8.8 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हिसार के अलावा भिवानी में 37.3 डिग्री, नारनौल में 36.7 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 36.9 डिग्री और नूंह में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं रात के समय तापमान 15 से 18.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार फिलहाल हरियाणा में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। इसके कारण दिन और रात दोनों समय तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और लोगों को मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का एहसास होने लगा है।

उन्होंने बताया कि मार्च के पहले पखवाड़े में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि 11 मार्च और इसके बाद 14 मार्च को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे हरियाणा में मौसम कुछ हद तक परिवर्तनशील रह सकता है और बीच-बीच में बादल भी दिखाई दे सकते हैं।

बढ़ते तापमान का असर कृषि पर भी देखने को मिल रहा है। खेतों में खड़ी फसलों में समय से पहले पकाव आने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए फसलों की हल्की सिंचाई करते रहें और जरूरत पड़ने पर कृषि अधिकारियों से मार्गदर्शन लें।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मार्च के दूसरे पखवाड़े में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 19 मार्च के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने और बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here