Home Crime होमबायर्स से धोखाधड़ी मामला: सोनीपत में 206 करोड़ की संपत्तियां ईडी ने...

होमबायर्स से धोखाधड़ी मामला: सोनीपत में 206 करोड़ की संपत्तियां ईडी ने की कुर्क

13
0

सोनीपत | घर खरीदारों से कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत के कमासपुर क्षेत्र में करीब 206.40 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत गुरुग्राम स्थित ईडी के जोनल कार्यालय द्वारा की गई है।

ईडी के अनुसार यह मामला टीडीआई इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (पूर्व में इंटाइम प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड) से जुड़ा हुआ है। कुर्क की गई संपत्तियों में कमासपुर इलाके में स्थित लगभग 8.3 एकड़ जमीन के कई हिस्से और कुछ व्यावसायिक यूनिट शामिल हैं, जो कंपनी और उससे जुड़ी सहयोगी कंपनियों के नाम पर दर्ज हैं।

जांच एजेंसी ने बताया कि इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस और आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज 26 एफआईआर और दाखिल चार्जशीट के आधार पर शुरू की गई थी। आरोप है कि कंपनी, उसके प्रमोटर्स और प्रबंधन से जुड़े लोगों ने तय समय पर फ्लैट और प्लॉट न देकर बड़ी संख्या में घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी की। कई प्रोजेक्ट्स में 16 से 18 साल तक की देरी सामने आई है।

जांच में यह भी पता चला है कि कंपनी ने वर्ष 2005 से 2014 के बीच सोनीपत में 23 आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाएं शुरू की थीं। इन परियोजनाओं के लिए करीब 14,105 ग्राहकों से एडवांस बुकिंग के तौर पर लगभग 4619.43 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। आरोप है कि कंपनी के प्रमोटर्स और प्रबंधन ने इस राशि का उपयोग परियोजनाओं को पूरा करने के बजाय सहयोगी कंपनियों और जमीन खरीदने वाली इकाइयों में स्थानांतरित करने, कर्ज चुकाने और अन्य निवेशों में किया।

ईडी ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले में 45.48 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। ताजा कार्रवाई के बाद इस केस में अब तक कुल 251.88 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here