Home Haryana होली के बाद हरियाणा में बढ़ी गर्मी, तापमान सामान्य से 8 डिग्री...

होली के बाद हरियाणा में बढ़ी गर्मी, तापमान सामान्य से 8 डिग्री ऊपर

16
0

हिसार |  होली के बाद हरियाणा में मौसम तेजी से बदल रहा है और प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है, जिससे गेहूं की फसल पर असर पड़ सकता है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि फिलहाल ऐसा कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना बन सके। इसी वजह से प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब 5 से 8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ता तापमान गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इन दिनों तापमान के साथ-साथ हवा की गति भी बढ़ रही है, जिससे फसल को अधिक पानी की जरूरत पड़ती है। हालांकि अधिक सिंचाई करने से गेहूं की बालियां गिरने का खतरा भी बढ़ जाता है।

किसानों को सलाह देते हुए डॉ. डागर ने कहा कि यदि सिंचाई करनी हो तो दिन के बजाय रात के समय पानी लगाना बेहतर रहेगा, इससे फसल के गिरने की संभावना कुछ हद तक कम हो सकती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here