सोनीपत। हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने एक बार फिर संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेता दुष्यंत चौटाला ने रविवार को सोनीपत स्थित एक निजी गार्डन में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, शासन और विपक्ष से जुड़े कई मुद्दों पर तीखा हमला बोला।
दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि, “हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। शराब ठेकेदार की हत्या होती है और मुख्यमंत्री शराब ठेकों की नीलामी में व्यस्त रहते हैं। व्यापारी वर्ग पलायन कर रहा है और मुख्यमंत्री कहते हैं कि बदमाश राज्य छोड़ दें। हकीकत यह है कि हरियाणा में बदमाशों का ‘जंगलराज’ कायम हो चुका है।”
उन्होंने आगे कहा कि बीते 14 महीनों में प्रदेश में हालात लगातार बिगड़े हैं और मुख्यमंत्री की प्रशासन पर पकड़ बेहद कमजोर है। दुष्यंत ने कहा, “मुख्यमंत्री पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। यह शासन नहीं, अराजकता है।”
चौटाला परिवार की बयानबाज़ी पर दिया जवाब
पारिवारिक राजनीति में चल रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए दुष्यंत चौटाला ने अभय सिंह चौटाला और सुनेना चौटाला को ‘नॉन-सीरियस नेता’ करार दिया। उन्होंने दोहराया कि, “मैं पहले भी कह चुका हूं, ये नेता सिर्फ बयानबाज़ी तक सीमित हैं, इन्हें जनता के मुद्दों से कोई वास्ता नहीं है।”
हिसार यूनिवर्सिटी विवाद पर बोले—छात्रों की आवाज़ नहीं दबेगी
हिसार की यूनिवर्सिटी में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि JJP का हर कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, “कुछ प्रोफेसरों को बर्खास्त जरूर किया गया है, लेकिन छात्र आंदोलन की आवाज़ नहीं दबेगी। अगर अन्याय हुआ तो पार्टी हर मोर्चे पर छात्रों के साथ खड़ी होगी।”
कांग्रेस और हुड्डा सरकार पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर चुटकी लेते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा, “अगर कांग्रेस संगठन बनाना चाहती है तो हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वह उन्हें सफलता दे। लेकिन हुड्डा कार्यकाल में हुए हजारों करोड़ के एचएसवीपी घोटाले की जांच अब ईडी और सीबीआई से होनी चाहिए।”
वहीं HCS की 2013 की भर्तियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उस समय हमने खुद कुछ रिश्तेदारों के नाम भी उजागर किए थे। रामकुमार गौतम के बयानों को लेकर दुष्यंत ने कहा, “जो पीड़ा आज सामने आ रही है, वो पहले भी हमारे साथ नहीं थी।”







