हिसार | पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोपों में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की आज हिसार कोर्ट में 11वीं पेशी होगी। ज्योति इस बार व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाज़िर होगी। बता दें कि 3 सितंबर को कोर्ट ने उनकी डिफॉल्ट बेल याचिका को खारिज कर दिया था।
ज्योति को 15 मई को गिरफ्तार किया गया था। उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3, 4 और 5 के तहत जासूसी, राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने और गोपनीय जानकारी साझा करने जैसे गंभीर आरोप हैं।
चार्जशीट में क्या है?
पुलिस ने 90 दिन की जांच पूरी करने के बाद 14 अगस्त को 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें दावा किया गया है कि ज्योति लगातार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में थी। वह भारत की संवेदनशील जगहों के वीडियो बनाकर पाकिस्तानी एजेंटों को भेजती थी।
चार्जशीट के मुताबिक, ज्योति ने न सिर्फ जासूसी गतिविधियां कीं बल्कि पाकिस्तान में शादी कर बसने की इच्छा भी जताई थी। उसने आईएसआई एजेंटों और पाकिस्तानी आर्मी अधिकारी दानिश के साथ नजदीकी संबंध बनाए थे, हालांकि उनके रिश्ते की प्रकृति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अदालत की कार्यवाही
25 अगस्त की सुनवाई में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल करने का विरोध करते हुए तीन बार एप्लिकेशन लगाई। इसके बाद वकील ने कोर्ट में डिफॉल्ट बेल की मांग रखी थी, आरोप लगाते हुए कि पुलिस ने अधूरी जांच के बावजूद चालान दाखिल किया। लेकिन अदालत ने यह बेल खारिज कर दी।
ज्योति पर सिविल लाइन थाने में कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान से गहरे संबंध रखती थी और संवेदनशील सूचनाएं साझा करती रही।







