यमुनानगर | सेवानिवृत्त डिप्टी सीएमओ डॉ. अरुण गोयल की 40 वर्षीय पुत्रवधू रितू जैन उर्फ वंशिका की मौत के मामले में थाना शहर, जगाधरी पुलिस ने करनाल के मॉडल टाउन निवासी आयुष जैन की शिकायत पर डॉ. अरुण गोयल, कर्ण गोयल, मधु गोयल और विजय गोयल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मृतका के पति कर्ण गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मृतका के परिजनों द्वारा सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरना देने और सड़क जाम करने के बाद की गई। परिजन इस बात पर अड़े थे कि सभी आरोपी गिरफ्तार होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
सोमवार को मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। पोस्टमार्टम के तुरंत बाद परिजन शवगृह के बाहर धरने पर बैठ गए और सड़क पर अपनी गाड़ी खड़ी कर यातायात बाधित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन तब तक नहीं हिले जब तक पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए सख्त कदम उठाने का आश्वासन नहीं दिया।
परिजनों के धरने और पुलिस के आश्वासन के बाद यातायात बहाल किया गया और परिजन सड़क से उठे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज़ कर दी गई है।







