यमुनानगर | हरियाणा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए एक बयान दिया जो विवाद का कारण बन सकता है। यमुनानगर में बीजेपी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ट्रंप की भूमिका “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना” जैसी रही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच जो सीजफायर हुआ वह दोनों देशों के राजनयिकों की बातचीत का नतीजा था, न कि किसी बाहरी दबाव का। उन्होंने दावा किया कि भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और नेतृत्व क्षमता से डोनाल्ड ट्रंप भी घबरा गए थे और यही वजह रही कि वे पाकिस्तान से रिश्ते सुधारने में जुटे रहे।
अमेरिका में भारतीय युवक की पिटाई पर भी दी प्रतिक्रिया
रेखा शर्मा ने यमुनानगर निवासी युवक की अमेरिका में हुई पिटाई पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत का विदेश मंत्रालय युवक के परिवार के लगातार संपर्क में है और मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने वाले युवाओं को अक्सर ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि भाजपा का विजन सबके लिए समान है और पार्टी अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं है।







