Home Crime नशे में कैब चालक का कहर, सेक्टर-4 मार्केट में कई वाहनों को...

नशे में कैब चालक का कहर, सेक्टर-4 मार्केट में कई वाहनों को मारी टक्कर

31
0

गुरुग्राम  | गुरुग्राम के सेक्टर-4 मार्केट क्षेत्र में रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक कैब चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। बेकाबू कैब ने एक के बाद एक कई स्कूटी, बाइक और साइकिल सवारों को टक्कर मार दी, जबकि दो कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दो स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नशे में धुत चालक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए मार्केट इलाके से गुजर रहा था। इस दौरान उसने कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए भागने की कोशिश की। मार्केट से आगे बढ़ते ही चालक ने अचानक गाड़ी मोड़ दी, जिससे एक स्कूटी पूरी तरह कुचल गई। हादसे में एक महिला स्कूटी सवार के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि एक साइकिल सवार घरेलू सहायिका और एक अन्य महिला स्कूटी सवार भी घायल हो गईं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए भिजवाया। इसी दौरान कैब एक अन्य वाहन से टकराकर फंस गई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

सूचना मिलने पर सेक्टर-4 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण कराया है। चौकी प्रभारी के अनुसार, घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल किसी पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here