पंचकूला | हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर राज्य के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। खराब दृश्यता को देखते हुए वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट में कोहरे का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। पंचकूला से अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में घना कोहरा छाया हुआ है। इसके अलावा सोनीपत, पानीपत और आसपास के इलाकों में भी दृश्यता काफी कम दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों में वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
कोहरे के साथ-साथ प्रदेश में शीतलहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। रविवार को भिवानी में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा।
बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 31 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी और उत्तरी जिलों में एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 31 दिसंबर की रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जबकि 1 जनवरी की सुबह से हरियाणा और एनसीआर के करीब 60 से 70 प्रतिशत क्षेत्रों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।







