Home Palwal पलवल कृष्णा कॉलोनी में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और...

पलवल कृष्णा कॉलोनी में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाज़ारी का खुलासा

38
0

Palwal,21 December-:पलवल जिले के मुख्यालय पर स्थित कृष्णा कॉलोनी में घरेलू गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाज़ारी और अवैध रिफिलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है।घनी आबादी वाले इलाके में गैस की डिलीवरी के दौरान एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में सरेआम गैस ट्रांसफर की जा रही है,जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक गैस सप्लायर कृष्णा कॉलोनी की गली में अपने टैम्पू को खड़ा कर उसी के अंदर एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस की अवैध रिफिलिंग कर रहा है।टैम्पू में दर्जनों भरे हुए गैस सिलेंडर मौजूद हैं।यदि ऐसी स्थिति में कोई दुर्घटना होती है, तो नुकसान बहुत बड़ा हो सकता है।यह गैस सप्लायर न केवल कानून की धज्जियाँ उड़ा रहा है,बल्कि घनी आबादी वाली कॉलोनी में रहने वाले लोगों की जान से सीधा खिलवाड़ कर रहा है। यह वीडियो सूत्रों के माध्यम से सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कृष्णा कॉलोनी में यह अवैध खेल लंबे समय से चल रहा है।आरोप है कि डिलीवरी के दौरान सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे ब्लैक में बेचा जाता है। वहीं जब उपभोक्ता गैस एजेंसी से सिलेंडर लेने पहुंचते हैं, तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि “गैस खत्म है।”

उपभोक्ता शुभम ने बताया कि जब वे एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे, तो उनसे कहा गया कि जिसके नाम कनेक्शन है, उसे साथ लेकर आएं।शुभम का कहना है कि उनके पिता के नाम कनेक्शन है,लेकिन वे स्वयं सिलेंडर लेने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी पर सिलेंडर नहीं दिया जाता और जो सिलेंडर घर पहुंचाए जाते हैं, उनमें से गैस चोरी कर ली जाती है।एक अन्य उपभोक्ता अशोक ने बताया कि वे लंबे समय से सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।इस मामले को लेकर जब जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (डीएफएससी) जैनव खातून से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यदि जिले में कहीं भी इस प्रकार की अवैध गैस सप्लाई या रिफिलिंग की जा रही है,तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के संबंध में उन्होंने बताया कि मामले की तुरंत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और विभाग के इंस्पेक्टर विकास को मौके पर भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here