फरीदाबाद, 20 फरवरी -कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने भाजपा नेताओं और अधिकारियों पर गरीबों के प्लॉट आवंटन में करीब ढाई सौ करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। फरीदाबाद में चौधरी उदयभान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि ईडब्ल्यूएस को आवंटित किए जाने वाले 184 में से 171 प्लॉट की बंदरबांट कर भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने खुद हड़प लिए। उन्होंने कहा कि इरोज लेकवुड सिटी में 180000 आय वालों को 184 प्लॉट आवंटित किए जाने थे लेकिन कंपनी के साथ मिलकर भाजपा के नेताओं और अधिकारियों ने अपने नाम ड्रॉ कर लिया। उन्होंने इसकी सीबीआई से जांच करने की मांग की है।
चौधरी उदय भान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक पार्षद प्रत्याशी वीरेंद्र भड़ाना ने अपने ही परिवार के लोगों के नाम पांच प्लॉट ले लिए जबकि उन्होंने अपने हलफनामे में अपनी संपत्ति 9 करोड रुपए दर्शायी है। उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि आखिर करोड़ों की संपत्ति के मालिक होने के बावजूद भी उसके परिवार को कैसे पांच प्लॉट दे दिए गए। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रत्याशी का मामला नहीं है, इसमें कई भाजपा नेता और अधिकारी शामिल है। उन्होंने स्मार्ट सिटी में तैनात सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर पर भी प्लॉट लेने का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ लाख रुपए महीने की सैलरी लेने वाला अधिकारी भी इस प्लॉट आवंटन के मामले में संलिप्त है, जिसकी जांच होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि सही तरीके से इसकी जांच की जाए तो यह घोटाला और भी बड़ा हो सकता है।







