Home Haryana कैथल में जमीन विवाद की रंजिश में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, दो...

कैथल में जमीन विवाद की रंजिश में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

32
0

Kaithal,20 December-:थाना पूंडरी क्षेत्र के गांव पाई व जटेडी रोड पर जमीन विवाद की पुरानी रंजिश में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में कैथल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की लगातार दबिश के चलते दोनों आरोपियों ने थाने में आत्मसमर्पण किया।

कैथल की पुलिस अधीक्षक उपासना ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गांव पाई निवासी तेजेन्द्र उर्फ तेजी की शिकायत के अनुसार उसके परिवार और गांव के ही चेला राम के परिवार के बीच पिछले करीब 14–15 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते वर्ष 2012 में हुए झगड़े में चेला राम के परिवार के दो सदस्यों की मौत हुई थी, जिसमें कई लोगों को सजा हुई थी और वर्ष 2018 में वे हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा हुए थे।
एसपी ने बताया कि 19 दिसंबर की सुबह करीब 9:30 बजे तेजेन्द्र अपने ताऊ के लड़के सुनील के साथ गांव की गली में खड़ा था। इसी दौरान उसके ताऊ भाना श्मशान वाले खेत से घर लौट रहे थे। गांव में पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक हथियार लहराते हुए आए और भाना पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।आरोपियों ने जाते समय यह धमकी भी दी कि उन्होंने परिवार के ही एक अन्य सदस्य राजेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश को भी गोली मार दी है और उसकी लाश जटेडी रोड के खेतों में पड़ी है। परिजनों द्वारा मौके पर पहुंचने पर राजेन्द्र की स्कूटी सड़क पर खड़ी मिली और कुछ दूरी पर खेतों में उसकी गोली लगी लाश बरामद हुई। इस संबंध में थाना पूंडरी में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की सभी क्राइम यूनिट, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआई-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और थाना पूंडरी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। लगातार दबिश और पुलिस दबाव के चलते गांव पाई निवासी राहुल (26) और विजय (22) ने शनिवार को थाना पूंडरी में आत्मसमर्पण किया, जिन्हें एसडीयू के एसआई विरेंद्र की टीम ने नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों के पिता की वर्ष 2012 में जमीन विवाद के चलते हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी राहुल के खिलाफ पहले भी हत्या और गोली चलाने के दो मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी विजय के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने, गोली चलाने और चोरी के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो अवैध देशी कट्टे भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here