Home Palwal पलवल में 34 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने...

पलवल में 34 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

122
0

Palwal,17 December-:पलवल शहर के धान मिल क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय युवक सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है,वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने सचिन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार,सचिन अपने साथी अर्जुन के साथ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रिश्तेदारी के एक कार्यक्रम में शामिल होकर मंगलवार देर रात बाइक से वापस लौट रहा था। जब दोनों अमरपुर गांव के पास पहुंचे,तभी अचानक एक काले रंग की कार ने उनकी बाइक को रोक लिया। कार में सवार 4 से 5 अज्ञात युवकों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।घटना में घायल हुए चश्मदीद अर्जुन ने बताया कि आरोपियों ने उसे जबरन बाइक से उतारकर पास के खेतों में ले जाकर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा,जिससे वह बेहोश हो गया।काफी देर बाद जब उसे होश आया तो वह किसी तरह वापस सड़क तक पहुंचा। वहां उसने देखा कि उसका साथी सचिन बाइक के पास ही मृत अवस्था में पड़ा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।मृतक के परिजनों ने बताया कि सचिन अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं,जिनमें दो बेटियां और एक दिव्यांग बेटा शामिल है। पत्नी मधु और भाई शिवम ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी हत्या है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सचिन की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here