Chandigarh,17 December-:हरियाणा में रेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। हरियाणा के मुख्य सचिव एवं हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष अनुराग रस्तोगी ने बताया कि राज्य की कई अहम रेल परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को चंडीगढ़ में हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम की निदेशक मंडल की 33वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान राज्य में संचालित प्रमुख रेल परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि कुरुक्षेत्र एलिवेटेड ट्रैक परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। वायाडक्ट से जुड़े सिविल,ट्रैक, सिग्नलिंग, टेलीकम्युनिकेशन और ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन से संबंधित सभी कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म का निर्माण कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है। जल्द ही उत्तरी रेलवे द्वारा तकनीकी निरीक्षण और उसके बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।मुख्य सचिव ने अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने एचआरआईडीसी द्वारा अर्जित तकनीकी विशेषज्ञता की सराहना करते हुए निगम को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में कार्य करने का सुझाव भी दिया।
बैठक में ईस्टर्न ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई।सोनीपत से पलवल तक प्रस्तावित इस कॉरिडोर के लिए संरेखण को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली स्टीयरिंग समिति से स्वीकृति मिल चुकी है और परियोजना का व्यवहार्यता अध्ययन उन्नत चरण में है।हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मानेसर–पातली खंड और मारुति रेलवे यार्ड जून 2025 में चालू किए जा चुके हैं।मानेसर स्थित मारुति प्लांट से अब तक 372 रैक लोड किए जा चुके हैं,जिससे परियोजना से राजस्व अर्जन भी शुरू हो गया है।परियोजना के लिए चरण-एक की वन स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है,जबकि अरावली क्षेत्र से संबंधित स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया है।भूमि मुआवजा वितरण में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। कुल 1,878 करोड़ रुपये के भूमि अवार्ड में से 1,533 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है,जबकि मध्यस्थता अवार्ड के अंतर्गत 99 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया है।
बैठक में बताया गया कि एचओआरसी परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सुरंग क्षेत्र की सबसे बड़ी यात्री रेल सुरंगों में से एक है।न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड से बनाई जा रही 7,200 मीटर लंबी सुरंग में से अब तक 3,773 मीटर खुदाई पूरी हो चुकी है।फिलहाल आठ फेस पर काम चल रहा है,जबकि दो अतिरिक्त फेस विकसित किए जा रहे हैं।परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि ये रेल परियोजनाएं आधुनिक,सुरक्षित और टिकाऊ रेल अवसंरचना के निर्माण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।उन्होंने कहा कि इन कॉरिडोरों से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा,आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आम नागरिकों के आवागमन में सुधार होगा।







