Home Haryana हरियाणा में मौसम ने बदली करवट, सीजन का पहला कोहरा; 8 जिलों...

हरियाणा में मौसम ने बदली करवट, सीजन का पहला कोहरा; 8 जिलों में अलर्ट जारी

38
0

हरियाणा। प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है और शनिवार को कई जिलों में सीजन का पहला घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद और सोनीपत जिलों के लिए धुंध का अलर्ट जारी करते हुए लोगों, खासकर यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय कोहरे का असर और बढ़ सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। विभाग ने बताया कि 16 दिसंबर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य सीमा के आसपास बना हुआ है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है।

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.8 डिग्री कम है। वहीं चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। हिसार के बाद महेंद्रगढ़ में रात सबसे ज्यादा ठंडी रही।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, धीमी गति रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here