फरीदाबाद | सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के कबूलपुर गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक पर सवार दो युवक सड़क किनारे रुके हुए थे, तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में हथीन के खिल्लूका गांव निवासी सोयब ने बताया कि वह अपने दोस्त हासिम के साथ बाइक पर सवार होकर फरीदाबाद के लधियापुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में कबूलपुर गांव के पास वे कुछ देर रुककर परिजनों का इंतजार कर रहे थे, जो दूसरी गाड़ी में पीछे आ रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में हासिम को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोयब घायल हो गया।
आरोपी चालक मौके से फरार
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के मुताबिक, पीड़ित सोयब के बयान पर सेक्टर-58 थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।







