कुरुक्षेत्र। पिहोवा कस्बे में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 152 पर स्थित गांव थाना टोल प्लाजा पर रविवार शाम को हिंसक घटनाक्रम हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने एक सिख युवक नवनीत सिंह से मारपीट की और उसकी पगड़ी हटाई। इस घटना के बाद आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने टोल प्लाजा का घेराव कर दिया। करीब तीन घंटे तक सभी वाहन बिना टोल टैक्स के गुजरते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर के एसएचओ जगदीश कुमार, गुमथला गढू चौकी इंचार्ज पीएसआई अमित कैथल और पिहोवा पुलिस की कई टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया।
नवनीत सिंह ने बताया कि वह अपनी गाड़ी से कैथल जा रहा था। टोल कर्मियों ने उसके गुमथला गांव का होने के बावजूद टोल देने के लिए कहा। जब उसने अपना गांव और क्रॉस वेरिफिकेशन की बात कही, तो कर्मचारियों ने उसकी बात नहीं मानी और विवाद बढ़ गया। इस दौरान टोल कर्मियों ने नवनीत की पगड़ी भी उछाल दी। नवनीत के अनुसार पुलिस भी मौके पर थी लेकिन उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की गई।
इस मामले की जानकारी मिलते ही भारतीय किसान यूनियन और पिहोवा के अन्य सदस्य नवनीत के समर्थन में मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरना दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण टोल प्लाजा से हट गए।
टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर मनीष ने बताया कि टोल के आसपास के 18 गांवों का टोल फ्री है। उन्होंने कहा कि नवनीत ने अपनी पहचान नहीं दिखाई और बहस के दौरान विवाद बढ़ गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सात-आठ लोग नवनीत पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।







