कुरुक्षेत्र | शाहाबाद के हबाना गांव में 26 वर्षीय मुस्कान नामक विवाहिता की फांसी से संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मुस्कान ने करीब एक साल पहले 8 अक्टूबर 2024 को अजय नामक युवक से लव-मैरिज की थी।
मुस्कान के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उनके अनुसार मृतका के शरीर पर कई तरह के चोटों के निशान मिले हैं, जो मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की ओर इशारा करते हैं। मृतका के भाई अब्बास खान का कहना है कि मुस्कान के पति अजय, सास और ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग करते थे। विरोध करने पर मुस्कान को बार-बार पीटा और धमकाया जाता था। साथ ही, आरोप है कि बहनोई अजय उस पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था।
परिजनों ने बताया कि मुस्कान की तबीयत बीती शाम अचानक बिगड़ी थी। जब परिवार ससुराल पहुँचा, तो उन्हें उसकी मौत का पता चला। इस पर उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
थाना शाहाबाद के SHO सुनील वत्स ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 80 और 3(5) के तहत अजय सहित अन्य ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा, और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला समाज में दहेज और घरेलू प्रताड़ना जैसी गंभीर समस्याओं पर नए सिरे से सवाल खड़ा करता है। पुलिस जांच तेज़ कर रही है और आरोपी परिवार के सदस्यों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।







