गुरुग्राम | गुरुग्राम के सेक्टर-108 स्थित शोभा सिटी सोसाइटी में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां 18 वर्षीय छात्र आर्यन सहवाग ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
डीपीएस स्कूल में पढ़ता था 12वीं का छात्र
मृतक आर्यन दिल्ली के डीपीएस स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार और सोसाइटी के लोग गहरे सदमे में हैं। पड़ोसियों के अनुसार, आर्यन पढ़ाई में अच्छा और हमेशा खुशमिजाज रहता था।
पिता थे रोहतक में, घर पर थी केवल मां
पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगलवार रात आर्यन के पिता विक्रम सहवाग अपने माता-पिता से मिलने रोहतक गए हुए थे। उस वक्त घर पर आर्यन और उसकी मां ही मौजूद थीं। सुबह करीब 4 बजे आर्यन ने बालकनी से छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर मां बाहर आईं तो बेटे को नीचे खून से लथपथ देखा। उन्होंने तुरंत सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस को सूचना दी।
हाल ही में नोएडा से गुरुग्राम शिफ्ट हुआ परिवार
जानकारी के अनुसार, सहवाग परिवार कुछ समय पहले ही नोएडा सेक्टर-37 से गुरुग्राम की शोभा सिटी सोसाइटी में शिफ्ट हुआ था। परिवार का कहना है कि आर्यन ने कभी किसी परेशानी या तनाव की बात नहीं की थी।
पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू की
पुलिस ने आर्यन का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उसकी कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री और सोशल मीडिया एक्टिविटी की जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।







