फरीदाबाद | फरीदाबाद के पर्वतीय चौकी क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा उठाने के पैसे मांगने को लेकर विवाद बढ़ गया। वार्ड नंबर 8 संजय एन्क्लेव स्थित मोदी चौक पर दो सफाईकर्मियों ने एक व्यक्ति से सरेआम मारपीट कर दी। यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे प्रदीप नामक व्यक्ति ने कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों से सवाल किया कि जब पिछले चार-पांच दिनों से कूड़ा नहीं उठाया गया, तो फिर पर्ची काटकर पैसे किस बात के मांगे जा रहे हैं? इस बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि ट्रैक्टर पर सवार दो से तीन युवक प्रदीप को उसके घर से घसीटकर बाहर लाए और गली में उसकी पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित प्रदीप ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इलाके में कूड़ा कलेक्शन कर्मचारियों की मनमानी को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं।







