Home Crime बहन से विवाद के बाद साले ने जीजा पर की फायरिंग, बाथरूम...

बहन से विवाद के बाद साले ने जीजा पर की फायरिंग, बाथरूम में छिपकर बचाई जान

1
0
Screenshot

हांसी। शहर के आर्य नगर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपनी बहन के साथ हुए विवाद से नाराज होकर कथित तौर पर अपने जीजा पर गोली चला दी। घटना में पीड़ित बाल-बाल बच गया और उसने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आर्य नगर निवासी गुरदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दिन में उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी का भाई कमलदीप चेची, जो हिसार का निवासी है, घर पहुंचा और अपनी बहन को अपने साथ ले गया।

आरोप है कि इसके बाद देर रात करीब एक बजे कमलदीप दोबारा गुरदीप के घर पहुंचा और गेट फांदकर अंदर घुस गया। घर में प्रवेश करते ही उसने गुरदीप पर फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से घबराकर गुरदीप बाथरूम में जाकर छिप गया, जिससे उसकी जान बच गई। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली बाथरूम के दरवाजे में जा लगी।

घटना के बाद गुरदीप ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

शहर थाना के जांच अधिकारी एसआई रामपाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से रात करीब एक बजे सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने बताया कि पीड़ित सुरक्षित है और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here