हरियाणा | बॉलीवुड अभिनेता दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के लिए यह हफ्ता कई मायनों में खास रहा। एक ओर सुशांत के जीजा ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है, तो दूसरी ओर उनकी ममेरी बहन दिव्या गौतम को बिहार विधानसभा चुनाव में भाकपा (माले) ने उम्मीदवार बनाया है।
हरियाणा सरकार ने आईपीएस अधिकारी ओम प्रकाश सिंह को राज्य का नया डीजीपी नियुक्त किया है। इससे पहले वे फरीदाबाद पुलिस आयुक्त और हरियाणा में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत रहे हैं। हाल ही में एडीजीपी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद यह नियुक्ति हुई है।
ओपी सिंह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के नुमर गांव के रहने वाले हैं। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने जमुई में प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली गए। तेजतर्रार और कुशल पुलिस अफसर माने जाने वाले ओपी सिंह लेखक और खेल प्रेमी भी हैं। उन्होंने तीन पुस्तकें लिखी हैं और उनके लेख देश के विभिन्न अखबारों में प्रकाशित होते रहते हैं।
सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद ओपी सिंह काफी चर्चा में आए थे। उन्होंने इस मामले में न्याय दिलाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी थी। डीजीपी बनने के बाद एक बार फिर उनका नाम सुर्खियों में है।
वहीं, परिवार की एक और सदस्य दिव्या गौतम अब बिहार की राजनीति में सक्रिय हो गई हैं। भाकपा (माले) ने उन्हें पटना की दीघा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। यह सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है, जिससे दिव्या का चुनावी मैदान में उतरना चर्चा का विषय बन गया है।







