हरियाणा | हरियाणा में इस साल ठंड औसतन से अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अक्टूबर की शुरुआत में हुई असामान्य बारिश ने तापमान में गिरावट की नींव रख दी है। आईएमडी हरियाणा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. शिवेंद्र सिंह के अनुसार, राज्य में अभी न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगर तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे चला गया, तो यह पिछले 15 साल में सबसे कम तापमान का रिकॉर्ड बन जाएगा।
2020 में 28 अक्टूबर को राज्य में तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 2010 के बाद सबसे कम था। इस बार अक्टूबर के पहले सप्ताह में 30 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्यतः इस अवधि में केवल 4 मिमी ही दर्ज होती है। यानी इस बार लगभग 649% अधिक बारिश हुई, जो अपने आप में रिकॉर्ड है।
गुरुग्राम और हिसार में अधिक ठंड का एहसास
पश्चिमी हवाओं और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण हरियाणा के मैदानी क्षेत्रों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुग्राम और हिसार में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। हिसार और नारनौल में तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.5 डिग्री कम है। नूंह में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और यमुनानगर में 27.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है।
सरसों की बुआई के लिए अनुकूल मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 17 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि दिन में धूप और रात में बढ़ती ठंडक के कारण यह समय सरसों की बुआई के लिए उपयुक्त है।
“किसानों को इस मौसम में उच्च गुणवत्ता वाली सरसों की बुआई करनी चाहिए ताकि पैदावार अधिक और गुणवत्ता बेहतर हो,” डॉ. खीचड़ ने कहा।







