हिसार। प्रदेश में पिछले चार दिनों से जारी बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। लगातार वर्षा से तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। अब मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 से 14 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
हिसार में बुधवार को दिनभर धूप खिली रही, जबकि मंगलवार रात और बुधवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश दर्ज की गई। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हुई।
हकृवि हिसार की कृषि मौसम वेधशाला में 96 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान दिन का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया, जबकि रात के तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, रात के समय हल्की ठंडक बनी रहेगी और तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। कुल मिलाकर, प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद अब मौसम साफ और सुहावना रहने की संभावना है।







