कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)– कुरुक्षेत्र के पिहोवा की अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) गुट ने कुरुक्षेत्र रोड की अनाज मंडी से ट्रैक्टर मार्च निकाला। भाकियू के प्रधान गुरनाम चढूनी ने ट्रैक्टर चलाकर मार्च की अगुवाई की। यह ट्रैक्टर मार्च कुरुक्षेत्र रोड से होते हुए मेन चौक पर पहुंचा। यहां से कैथल रोड और अंबाला रोड से होते तहसील परिसर पहुंचेगा। इसमें 250 से ज्यादा ट्रैक्टर लेकर किसान पहुंचे थे।
किसानों की सभी मांगे जायज
इससे पहले भाकियू प्रधान गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसानों की मांगे जायज है। सरकार अपने वादे से मुकर रही है। अब किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे है तो सरकार उनको दबाने की कोशिश कर रही है। हम सभी किसान एकजुट है।
हम देश के साथ
चढूनी ने कहा कि हमारी मांगे वाजिब है। सरकार हमें मेज पर बैठकर बता दे हमारी मांग गलत है या देश और समाज का नुकसान है तो हम अपनी मांग वापस उठा लेंगे। अगर हमारी मांग ठीक है तो हमारी मांग मान लें, मगर सरकार मांग मानने की बजाय किसानों पर अत्याचार कर रही है। हम देश के साथ है।
कल होगी पंचायत
चढूनी ने कहा कि किसानों पर हो रहे अत्याचार को देखते शांति पूर्वक ट्रैक्टर मार्च निकाला जा रहा है। शुक्रवार को तीन घंटे तक टोल प्लाजा फ्री किया गया था। अब रविवार को सभी किसान संगठन और खाप के साथ ब्रह्मसरोवर पर पंचायत होगी।







