Home Haryana अनाज मंडी में दूषित पानी से मजदूर बीमार, 100 से अधिक प्रभावित

अनाज मंडी में दूषित पानी से मजदूर बीमार, 100 से अधिक प्रभावित

104
0

कुरुक्षेत्र | अनाज मंडी में दूषित पानी पीने से बड़ी संख्या में मजदूरों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एक के बाद एक मजदूरों में उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आने से मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर रात तक बीमार मजदूरों की संख्या बढ़ती चली गई।

सिविल अस्पताल के एडिशनल एस.एम.ओ. डॉ. कुलदीप राज ने जानकारी दी कि फिलहाल 38 मजदूर अस्पताल में डायरिया के लक्षणों के साथ भर्ती हैं, जबकि गंभीर हालत में एक मजदूर को एल.एन.जेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र रेफर किया गया है।

बीमार मजदूरों अरविंद, प्रवेश, राहुल और मलखान ने बताया कि उन्होंने मंडी में मौजूद पानी पिया, जिसके बाद रातभर उन्हें उल्टियां और दस्त होते रहे। हालत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान स्वर्णजीत सिंह कालड़ा ने कहा कि अब तक 100 से अधिक मजदूर बीमार हो चुके हैं। कई मजदूर प्राइवेट अस्पतालों में भी इलाज करवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में पिछले 8 महीनों से सीवरेज और पानी की पाइपलाइन लीक हो रही है। इस संबंध में मार्केट कमेटी को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इधर, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने हालात पर कड़ी नजर बनाई हुई है। कुरुक्षेत्र के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप के नेतृत्व में एस.एम.ओ. डॉ. कीर्ति शर्मा और एडिशनल एस.एम.ओ. डॉ. कुलदीप राज ने पूरी टीम के साथ शाहाबाद अनाज मंडी का दौरा किया और मेडिकल कैंप लगाकर मजदूरों की जांच की। साथ ही उन्हें मौके पर दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here