चंडीगढ़ | मौसम विभाग ने हरियाणा में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। आज प्रदेश के 8 जिलों — झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ — में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, अरब सागर में बने कम दबाव के कारण हरियाणा का मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। 2 अक्टूबर को 6 से 8 जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि 3 अक्टूबर को 12 जिलों में बारिश हो सकती है। बारिश के बाद प्रदेश में हल्की ठंड का असर महसूस होने लगेगा।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि बादल छाने के कारण रात का तापमान करीब 5 डिग्री तक बढ़ सकता है, हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे ही रहेगा।
इससे पहले मंगलवार को अचानक मौसम बदलने पर रोहतक, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और बहादुरगढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि चरखी दादरी और भिवानी में हल्की बूंदाबांदी हुई। बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 में बारिश के कारण एक पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ।
उधर, सिरसा के डबवाली क्षेत्र में बवंडर आने से दारेवाला गांव में नुकसान हुआ। यहां दो टिन की छतें, एक तूड़े का छप्पर उड़ गया और दीवार ढह गई। कई पेड़ जड़ से उखड़ गए और एक भैंस शेड के नीचे दब गई।







