चंडीगढ़। हरियाणा में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 18 जिलों में बारिश का नया पूर्वानुमान जारी किया है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत और रोहतक में मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, फतेहाबाद, हिसार, सिरसा, झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और गुरुग्राम में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
कल से बदल सकता है मौसम का मिजाज
IMD का कहना है कि 9 सितंबर से मौसम फिर करवट लेगा। मंगलवार को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और सोनीपत में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज होने की संभावना है। इसके अलावा, जींद, रोहतक, फरीदाबाद और पलवल में बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात और रेवाड़ी में मौसम साफ रहने के आसार हैं।







