गुरुग्राम (अंकुर कपूर): दिल्ली के कंझावला केस के बाद देश भर से महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की तस्वीरें सामने आ रही हैं। ऐसी एक तस्वीर दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के बलदेव नगर इलाके से आई हैं, जहां नौकरी से घर लौट रही एक युवती को गली में पड़ोस का एक युवक बाइक पर मिला।

आरोपी युवक ने युवती को अपनी बाइक पर बैठने के लिए कहा तो युवती ने मना कर दिया इतने में ही सिरफिरे युवक ने अपने हेलमेट से युवती पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। यह पूरी वारदात गली में लगी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। युवती पर हमला होता देख ऑटो चालक ने युवती को बचाने की कोशिश की तो आरोपी युवक ने ऑटो चालक के साथ भी मारपीट कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने युवती के पड़ोस में रहने वाले आरोपी युवक कमल के खिलाफ कई संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी कमल के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।








