भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए मुक्त विद्यालय की सैकेंडरी और सीनियर सैकेंडरी परीक्षा (सितम्बर/अक्तूबर-2025) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 15 अगस्त की जगह 1 सितम्बर तक आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि सी.टी.पी./ओ.सी.टी.पी., री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार जैसी सभी कैटेगरी के विद्यार्थी 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ 1 सितम्बर तक आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाए। साथ ही, अंतिम तिथि तक पंजीकरण के साथ परीक्षा शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा, तभी आवेदन मान्य माना जाएगा।







