हरियाणा | हरियाणा में हैप्पी कार्ड योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस योजना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जांच के पीछे असल वजह क्या है।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा रोडवेज के 37 डिपो और उप-डिपो में करीब 1.44 लाख हैप्पी कार्ड तैयार हो चुके हैं, लेकिन लाभार्थी इन्हें लेने नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या योजना के प्रचार-प्रसार में कमी रह गई या फिर लाभार्थियों की सूची में कोई गड़बड़ी है।
बता दें कि यह कार्ड अंत्योदय परिवारों को 1000 किलोमीटर तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देता है। लेकिन अब खबर यह है कि नई हैप्पी कार्ड्स की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है, जब तक जांच पूरी नहीं होती। योजना की समीक्षा के बाद यह तय होगा कि कार्ड वितरण दोबारा शुरू होगा या योजना में बदलाव किया जाएगा।







