अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा दे रही है, ताकि युवा इंटरप्रेन्योर बन सकें और दूसरे युवाओं को भी रोजगार दे सकें। चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित सीआईआई सभागार में ‘स्टार्टअप सिंपोजियम एंड इंडस्ट्री इग्नाइट-2023’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित किया।
उन्होंने एआईटीएमसी ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचे युवाओं के समक्ष हरियाणा सरकार के विजन को रखते हुए कहा कि राज्य सरकार मई माह में करीब एक हजार एकड़ में ग्लोबल सिटी के प्रोजेक्ट को लेकर आ रही है, जो कि प्रदेश को विकास के मामले में कई पायदान आगे लेकर जाएगा। उन्होंने युवाओं को इलेक्ट्रिक व्हीकल तथा एरोस्पेस जैसे नई तकनीक सीखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आगे आने वाला समय इन्हीं तकनीक को लेकर रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने प्रदेश के युवाओं को नई स्किल से अपडेट करने के लिए ‘हरियाणा स्किल डेवलॅपमेंट मिशन’ के तहत कई नए कोर्स शुरू किए हैं। तकनीकी कॉलेजों को उद्योग के साथ जोड़कर युवाओं को आधुनिक प्रैक्टिकल ज्ञान दिया जा रहा है ताकि वे कोर्स पूरा होते ही अच्छी-खासी जॉब हासिल कर सकें या स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें। हरियाणा आज हर क्षेत्र में बेंचमार्क स्थापित कर रहा है। देश जो स्टार्टअप 10 बड़े यूनिकॉर्न बने हैं उनमे से 6 की ग्रोथ हरियाणा की धरती पर हुई है। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कुछ समय में एल्क्ट्रिक पॉलिसी, टेक्सटाइल पॉलिसी, डाटा सेंटर पॉलिसी जैसे अनेक पॉलिसी शुरू की हैं जिनसे राज्य में निवेश बढ़ रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।







