Home Haryana फर्रुखनगर से दिल्ली अब मिनटों में, गुरुग्राम हाईवे अगले महीने तैयार

फर्रुखनगर से दिल्ली अब मिनटों में, गुरुग्राम हाईवे अगले महीने तैयार

129
0

गुरुग्राम  | गुरुग्राम के लोगों के लिए राहत की खबर है। साइबर सिटी में  एनएच-352डब्ल्यूए पर वजीरपुर गांव से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली सड़क अगले महीने सितंबर में यातायात के लिए खोल दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस हिस्से में आ रही ज्यादातर अड़चनों को दूर कर दिया गया है। एनएचएआई का दावा है कि करीब 43 किलोमीटर लंबे इस पूरे हाईवे को 31 दिसंबर तक जनता के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।

करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा एनएच-352डब्ल्यूए सेक्टर-84 के पास द्वारका एक्सप्रेसवे से शुरू होकर वजीरपुर, गुरुग्राम-पटौदी रोड, पटौदी होते हुए रेवाड़ी तक जाएगा। इस पर 25 फ्लाईओवर और अंडरपास तैयार किए जा रहे हैं। फिलहाल गुरुग्राम से रेवाड़ी जाने में डेढ़ से पौने दो घंटे लगते हैं, लेकिन सड़क खुलने के बाद सफर काफी आसान होगा।

द्वारका एक्सप्रेसवे से वजीरपुर गांव तक करीब 6 किलोमीटर के हिस्से में दो फ्लाईओवर फिलहाल बंद रहेंगे। गढ़ी हरसरू फ्लाईओवर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, एचएसवीपी द्वारा पुराने बरसाती नाले को तोड़े जाने के बाद सर्विस रोड का काम भी आगे बढ़ा है।

अगले महीने यह हिस्सा खुलते ही फर्रुखनगर से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। पहले जहां यह सफर एक घंटे का था, वहीं नए हाईवे के जरिए सिर्फ 20-25 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। इससे गुरुग्राम-पटौदी रोड की खराब स्थिति से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here