फरीदाबाद | फरीदाबाद के ओल्ड ठाकुरवाड़ा में करोड़ों के प्रॉपर्टी विवाद और घरेलू कलह ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। जिम संचालक पंकज ने बताया कि देर रात अपनी थार कार से लौटते समय सेक्टर-17 कट के पास उनकी पत्नी के मौसेरे भाई सन्नी ने हैरियर कार से पीछा कर उन पर फायरिंग की। बचने के प्रयास में पंकज की गाड़ी से सन्नी की कार टकरा गई और डिवाइडर पर चढ़ गई।
इसके बाद सन्नी ने पंकज से हाथापाई करते हुए पिस्तौल तान दी, लेकिन पंकज किसी तरह बचकर पुलिस को सूचना देने में सफल रहे। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी के मायके वाले तलाक के लिए दबाव बनाते हुए एक करोड़ रुपये और प्रॉपर्टी का आधा हिस्सा मांग रहे हैं। हमले के दौरान सन्नी बेहोश हो गया और परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पंकज की थार में गोली के निशान मिले हैं। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







