कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब शादी समारोह से लौट रहे कैटरिंग स्टाफ की क्रूजर गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, यह भीषण टक्कर सुबह करीब साढ़े चार बजे कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर लोहार माजरा के पास हुई। मृतकों की पहचान जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के सुंदरबनी गांव सैयानी के संजीव कुमार, पवन कुमार और पवन के रूप में हुई है। तीनों पालम रिजॉर्ट में कैटरिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
कैटरिंग के काम से लौट रहे थे सभी कर्मचारी
घायल अंकुश (45) ने बताया कि वे सभी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से कुरुक्षेत्र के खानपुर कोलियां स्थित एक रिजॉर्ट में कैटरिंग का काम करने आए थे। समारोह खत्म होने के बाद वे सभी सुबह करीब चार बजे क्रूजर वाहन से दानामंडी स्थित अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान, कई की हालत गंभीर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और LNJP अस्पताल पहुंचाया। इनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घायलों में कश्मीर के अनंतनाग निवासी नरेश (37), फैजल (25), मैहरार (23), राजौरी निवासी विशाल (25) और सौरभ (19) शामिल हैं।
पुलिस ने शव लिए कब्जे में, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।







