हरियाणा (एकता): दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। पहलवानों ने अपना धरना प्रदर्शन बुधवार को 18वें दिन भी जारी रखा। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता वह धरने पर बैठे रहेंगे।
मीडिया सूत्रों के अनुसार भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों की ओर से शिकायत मिलने के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मसले पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने बुधवार को बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस से स्थिति रिपोर्ट मांगी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 12 मई को होगी। गौरतलब है कि पहलवानों का किसानों के अलावा कई लोग समर्थन करने में जुटे हुए हैं।
मालूम हो कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर पहलवानों ने यौन शोषण सहित कई गंभीर आरोप लगाए है। इस मामले में न्याय के लिए देश को पदक दिलाने वाले स्टार रेसलर्स कई दिनों से धरना दे रहे हैं।







