अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा की आप नेता चित्रा सरवारा नगर परिषद कार्यालय अंबाला छावनी के बाहर शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह ऐलान बुधवार को किया। सरवारा ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार लोगों को दोनों हाथों से लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय संस्थाओं में प्रॉपर्टी आईडी का सर्वे करने के नाम पर बड़ा घोटाला किया गया, लेकिन भाजपा सरकार इस पर आंखें बंद कर बैठी है। प्रॉपर्टी सर्वे करने वाली कंपनी को हरियाणा सरकार द्वारा उसकी गलतियों की सजा देने की बजाए उसे तय राशि से दोगुने से भी ज्यादा का भुगतान कर इनाम दिया गया। अब त्रुटियों को दुरस्त कराने की एवज में भ्रष्टाचार पनप रहा है और सरेआम लोगों से रिश्वत मांगी जा रही है।
चित्रा ने कहा कि भाजपा सरकार इस कंपनी पर इस कद्र मेहरबान थी कि सर्वे में 20 फीसदी से अधिक गलतियां होने पर ठेका रद्द करने, जुर्माना लगाने व भुगतान रोकने का प्रावधान था, लेकिन विभाग की ओर से कंपनी पर किसी तरह की कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। उक्त निजी कंपनी को अप्रैल 2020 से जून 2022 के बीच लगभग 42 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया। प्रदेश सरकार को बताना चाहिए कि भाजपा सरकार में शामिल किस व्यक्ति के दबाव में आकर यह पेमेंट की गई। आखिर जनता की गाढ़ी कमाई को किसी कंपनी पर इस तरह से क्यों लुटाया गया।
उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ जनता पर मार बढ़ाते हुए जिस प्रकार से प्रदेश सरकार ने गलती सुधारने की एवज में 5 हजार रुपए फीस जमा कराने का प्रावधान किया, उसके बाद गलती ठीक कराने की रिश्वत के रेट भी बढ़ गए। ऐेसे में प्रदेश सरकार को उन अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जिन्होंने गलतियों पर कार्रवाई की बजाए कंपनी पर मेहरबानी दिखाते हुए सरकारी खजाने को हानि पहुंचाई। चित्रा ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी गलती को तुरंत सुधारते हुए तुरंत पुरानी प्रोपर्टी आईडी को ही मान्य करते हुए लोगों को राहत देने का काम करे और कंपनी को गलत काम करने की सजा देते हुए उस से रिकवरी करे और उसके खिलाफ तुरंत प्रभाव से मुकदमा दर्ज करें।







