Palwal, 27 July-पलवल से बड़ी खबर है, जहां हरियाणा सरकार में खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने ईश्वर नगर में 1 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से शुरू होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के उस बयान को खारिज किया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने प्रदेश में भाजपा की हवा बनाई और तीसरी बार सरकार बनवाई। खेल मंत्री गौरव गौतम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनी है।
गौरव गौतम ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी समाज, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद करते हैं। यह कार्यक्रम स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल शिक्षा और महिला सशक्तीकरण जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का सशक्त मंच बन चुका है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सैनी ने रेलवे लाइन पार इलाकों के विकास के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। वार्ड नंबर 1 से 10 तक गली-नालियों के निर्माण के बाद ईश्वर नगर का चेहरा बदल जाएगा।
खेल मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने सीईटी परीक्षा में शामिल युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि हरियाणा में अब योग्यता के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं।







